कुशीनगर। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मुंडेरा गांव में मंगलवार की रात ईंट से चोट लगने से घायल 70 वर्षीय बुजुर्ग की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा हो रही है।
मुंडेरा गांव निवासी 70 वर्षीय रामदास गुप्ता मंगलवार की देर रात ईंट से चोट लगने की वजह से घायल हो गए थे। रामदास के भतीजे अवधेश नारायण के अनुसार आधी रात को उनके चाचा लघु शंका के लिए दरवाजे पर निकले थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने ईंट से प्रहार कर घायल कर दिया और भाग निकले। चीख सुनकर घर के लोग बाहर आए तो वे अचेतावस्था में पड़े थे। तत्काल डॉयल 100 पुलिस टीम को इसकी सूचना दी गई। घायल बुजुर्ग को कप्तानगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टर ने हालत नाजुक बताते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान बुधवार को रामदास की मौत हो गई। वहीं घटना को लेकर गांव में कुछ और भी चर्चाएं हो रही हैं। इस संबंध में एसओ आरके यादव ने कहा मामले की जानकारी है, लेकिन अभी परिवारीजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।