कुशीनगर जिले के रामपुर बॉर्डर पर दिल्ली और पंजाब से आ रहीं पांच गाड़ियों को पुलिस ने सीज कर दिया।
- फोटो : KUSHINAGAR
फोरलेन पर चार गाड़ियां सीज, 20 लोग किए गए क्वारंटीन
सुकरौली। रविवार को फोरलेन पर गोरखपुर जिले के बॉर्डर पर वाहन चेकिंग के दौरान दिल्ली और पंजाब से आ रही चार गाड़ियाें का परमिट नहीं होने के कारण पुलिस ने सीज कर दिया। इन गाड़ियों में सवार 20 यात्रियों की स्वास्थ्य जांच के बाद क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया।
लॉकडाउन के बाद दूसरे प्रदेशों से पलायन नहीं रुक रहा है। रविवार को जिले के रामपुर बॉर्डर पर अहिरौली बाजार पुलिस ने चेकिंग के दौरान पंजाब और दिल्ली समेत कई शहरों से आ रही चार गाड़ियों को रोककर पूछताछ की। इस दौरान परमिट और जरूरी कागजात नहीं मिलने पर इन चारों गाड़ियों को सीज कर दिया गया। गाड़ियों में सवार लोगों को स्वास्थ्य टीम ने जांच की। इन गाड़ियों में सवार 20 लोगों को क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया। यहां ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने बताया कि रविवार को दोपहर तक 120 लोगों की बॉर्डर पर चेकिंग की गई। लॉकडाउन के चलते बॉर्डर सील होने के बाद से अब तक करीब आठ हजार लोगों की यहां जांच हो चुकी है।
एसओ अहिरौली राहुल सिंह ने बताया कि चार गाड़ियों को सीज कर उनमें सवार यात्रियों की जांच कराई गई है। सभी 20 लोगों को क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया है। इस दौरान एसआई रविंद्र यादव, डॉ स्वप्निल श्रीवास्तव, रवींद्र सिंह, अनिल मौर्या, प्रेमचंद आदि पुलिसकर्मी और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।