पडरौना। उदित नारायण इंटर कॉलेज में मतदान कार्मिकों के द्वितीय प्रशिक्षण में शुक्रवार को 32 कार्मिक अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित कार्मिकों को 25 मई को प्रशिक्षण लेने की छूट दी गई है, जबकि प्रशिक्षण लेने आए 101 कार्मिकों ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया।
मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी ने बताया कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को दो पाली में हुए द्वितीय प्रशिक्षण में 32 मतदान कार्मिक अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित कार्मिकों को 25 मई को सुबह 10 बजे प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण लेने के निर्देश दिए गए हैं। अन्यथा की स्थिति में संबंधित कार्मिकों का वेतन बाधित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को कुल 101 मतदान कार्मिकों ने पोस्टल बैलेट फैसिटिलेशन सेंटर पर पोस्टल बैलेट से मतदान किया गया। इसमें से 89 देवरिया आंशिक कुशीनगर और 12 कार्मिक कुशीनगर लोकसभा क्षेत्र के शामिल हैं, जबकि 902 कार्मिकों को ईडीसी जारी किया गया।