नोडल अफसर ने प्रोजेक्ट मैनेजर को लगाई फटकार
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण की धीमी गति पर जताई नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
कसया। जिले के नोडल अफसर ने बुधवार सुबह सपहां में निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निर्माण की धीमी गति को लेकर प्रोजेक्ट मैनेजर और ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। भवन का निर्माण जल्द पूर्ण कराकर स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर करने की हिदायत दी।
नोडल अधिकारी रजनीश गुप्ता बुधवार को सुबह लगभग आठ बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां मौके पर निर्माण कार्य में सुस्ती पर बिफरे नोडल अधिकारी ने प्रोजेक्ट मैनेजर पीएन यादव से पूछताछ करनी शुरू कर दी। प्रोजेक्ट मैनेजर के जवाब से नोडल अफसर नाराज हो गए। उन्होंने मैनेजर और ठेकेदार को फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराकर विभाग को हैंडओवर करने की सख्त हिदायत दी। 16 मिनट के निरीक्षण के दौरान नोडल अफसर ने कक्षों में हो रहे कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष जताया। उन्होंने डॉक्टरों के रात्रि विश्राम को लेकर सीएमओ डॉक्टर हरिचरण सिंह को निर्देशित किया। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार पांडेय, सांख्यिकी अधिकारी चंद्रबली, सीओ ओमपाल सिंह, इंजीनियर डीके मिश्र, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।