तमकुहीरोड। विरवट कोन्हवलिया गांव में जर्जर हो चुके विद्यालय भवन में किसी अनहोनी से बचने के लिए इस विद्यालय में पढ़ाई कर रहे बच्चों को दूसरे टोले पर स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिफ्ट किया गया। इससे अभिभावकों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। अभिभावकों का कहना है कि इससे बच्चों को उस विद्यालय पर आने-जाने में परेशानी होगी। इस गांव में एक ही परिसर में प्राथमिक और जूनियर विद्यालय का संचालन होता है।
कॉफी पहले बना विद्यालय भवन अब जर्जर हो चुका है। इससे कभी भी हादसा हो सकता है। इससे बचने के लिए विभाग की अनुमति पर विद्यालय के बच्चों को गांव के ही दूसरे टोले पर स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिफ्ट किया गया है। इसे लेकर अभिभावकों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। लोगों ने बताया कि शिफ्ट हुए विद्यालय की दूरी इस गांव से करीब एक किमी है। इससे बच्चों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी होगी। अभिभावकों ने जर्जर हो चुके भवन को मरम्मत या पुनर्निमाण करवाकर इसी परिसर में पढ़ाई कराने की मांग की। इस दौरान डॉक्टर रामाकांत सिंह, गौतम सिंह, संजय सिंह, बबलू पटेल, प्रदीप सिंह, द्वारिका सिंह, मुख्तार सिंह, धर्मेंद्र शर्मा, राजकिशोर सिंह, ओमप्रकाश पटेल, राकेश कुमार, दुर्गेश सिंह, रजनीश सिंह, नागेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। बीईओ शेषबहादुर सरोज ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मौके की जांच की है, शीघ्र ही समस्या का हल निकाल लिया जाएगा।
बिफल रही प्रशासन की वार्ता, सड़क बनाने तक आंदोलन की चेतावनी
पडरौना। नगर के बाईपास रोड के पुनर्निमाण की मांग को लेकर चल रहा युवाओं का आंदोलन छठे दिन मंगलवार को भी जारी रहा। विभिन्न संगठनों और राजनीतिक पार्टियों से जुड़े तमाम लोगों ने पहुंच आंदोलनकारियों को समर्थन दिया। समर्थन से उत्साहित आंदोलनकारियों ने सड़क के निर्माण कार्य शुरू होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। आंदोलन की अगुवाई कर रहे बजरंगी यादव ने कहा कि इस सड़क के निर्माण के लिए कई बार प्रशासन के माध्यम से शासन तक पत्र भेजा गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क के निर्माण होने तक आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस, सपा, पूर्वांचल किसान यूनियन से जुडे लोग पहुंचे और समर्थन दिया। धरना स्थल पर कोतवाल विजयराज सिंह, सीओ नितेश प्रताप सिंह, सदर लेखपाल योगेंद्र सिंह, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएस, पडरौना के बीडीओ के साथ पहुंचे एसडीएम गुलाबचंद्र राम ने आश्वासन देकर आंदोलन समाप्त करने की अपील की, लेकिन आंदोलनकारी नही मानें और मांगे पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। इस दौरान जहरुद्दीन, सुनील दीक्षित, मुहम्मद मुस्लिम, गुलाम रहबानी, हाजीरजा हुसैन, महमूद, फैयाज आलम, असलम परवेज, असरफुल, अरस्तु, निकेश यादव, विकास यादव, सूरज यादव, फरमान, अतुल सिंह, अजय सिंह, हरिश द्विवेदी, अंकुश जायसवाल, सादिया, रुख्सार और आफ्रीन आदि मौजूद थे। कांग्रेस के कार्यवाहक राजकुमार सिंह ने बताया कि आंदोलन कर रहे युवाओं की मांग जायज है। पार्टी इस आंदोलन का समर्थन करती है। मांगे पूरी होने तक पार्टी पूरे मजबूती के साथ आंदोलन के साथ है। पूर्वांचल किसान यूनियन के अध्यक्ष पप्पू पांडेय ने बताया कि यह सड़क नगर का एक प्रमुख मार्ग है। इसके क्षतिग्रस्त होने से आम लोगों के साथ किसानों को खास परेेशानी होती है, क्योंकि अब गन्ने का सीजन आ रहा है। सपा जिलाध्यक्ष मुहम्मद इलियास अंसारी ने बताया कि भाजपा सरकार में जिले ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश का विकास कार्य ठप हो चुका है। युवाओं के इस आंदोलन को पार्टी पूर्व में ही समर्थन कर चुकी है।पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शिवकुुमारी देवी ने बताया कि अपने कार्यकाल में रेलवे लाइन के एक तरफ का सड़क निर्माण कराया गया था। अब पूरे नगर का विकास बंद हो चुका है। कमोवेश नगर की सभी सड़कों का यही हाल है।