कुशीनगर। जिले में लंबे समय से थानों पर जमे दरोगाओं पर पुलिस कप्तान केशव कुमार ने सख्ती दिखाते हुए कुछ को लाइन हाजिर कर दिया तो कुछ को एक छोर से दूसरे छोर पर तैनाती दे दी। सूत्रों के मुताबिक एक ही थानों पर जमे दरोगाओं की थानेदारों से अच्छी डीलिंग थी, परिणामस्वरूप शिकायतों के बाद भी उनपर कार्यवाही नहीं होती थी। अगर किसी मामले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक उनकाे तलब किया भी जाता था तो कुछ ही दिनों में उनकाे पूर्ववत स्थान पर भेज दिया जाता था। इस कारण उनके अंदर कार्रवाई का भय खत्म होता चला गया।
जिले में नवागत पुलिस कप्तान ने कमान संभालने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली में स्वच्छता और पारदर्शिता लाने के लिए जो प्रयास किया है उससे आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगने की उम्मीद की जा रही है। पहले थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों की गणना और अब तीन वर्ष से ज्यादा समय से अलग अलग थानों पर जमे दरोगाओं को पुलिस कप्तान ने हटा दिया है।
जिसमें 14 उपनिरीक्षकों को लाइन हाजिर कर दिया गया है तो 15 उपनिरीक्षकों को वर्तमान थाने से दूर दूसरे थाने में तैनाती दी गई है। नवीन तैनाती में यह ख्याल रखा गया है कि जो उपनिरीक्षक हाईवे और सीमावर्ती बिहार से जुड़े इलाकों में पहले पोस्टेड रहे हों उन्हें बार्डर और हाईवे के क्षेत्र में नहीं भेजा गया है। जिन उपनिरीक्षकों को लाइन हाजिर किया गया है उनमें कोतवाली पडरौना के लल्लन सिंह, कुबेरस्थान के सोमनाथ, कसया के योगेश राय और नरेंद्र सिंह, हाटा से राय साहब यादव, कप्तानगंज से रामनयन आर्य, पटहेरवा से दीनानाथ यादव, मुन्नर सिंह, तरयासुजान से प्रभाकर मिश्र, विशुनपुरा से ओमप्रकाश और अशोक कुमार, तमकुहीराज से अवधेश कुमार, खड्डा से हृदयनारायण और नेबुआ नौरंगिया से अमित कुमार शर्मा शामिल हैं।
इसमें से अधिकतर ऐसे उपनिरीक्षक थे जिनपर शिकायत होती थी, लेकिन थानेदारों से अच्छी सेटिंग के कारण इनका स्थानांतरण या कोई कार्रवाई नहीं होती थी। इसके अलावा 15 ऐसे उपनिरीक्षक हैं जिनका कार्यक्षेत्र बदला गया है। जिसमें मिथिलेश कुमार सिंह को
थाना कसया से थाना विशुनपुरा, इकराम खान को हाटा से बरवापट्टी ,मुन्ना कुमार सिंह को हाटा से कुबेरस्थान, चंद्रमा सिंह यादव हाटा से सेवरही, सिकंदर सिंह हाटा से सेवरही, श्यामलाल निषाद तरयासुजान से रामकोला, कन्हैयालाल यादव तरयासुजान से हनुमानगंज, चंद्रजीत यादव तरयासुजान से नेबुआ नौरंगिया, संजय यादव तमकुही राज से रविन्द्रनगर, महेंद्र यादव को नेबुआ नौरंगिया से विशुनपुरा, मुन्नीलाल को रामकोला से कसया, शिवजी सिंह को पर्यटन से अहिरौली बाजार भेजा गया है।