जिले के 2194 गरीबों को मिलेगा प्रधानमंत्री आवास
अल्पसंख्यक वर्ग के 428 लाभार्थियों को होगा आवंटन
रजिस्ट्रेशन और जियो टैगिंग का चल रहा कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
कुशीनगर। जिले के 2194 गरीबों को जल्द प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत नसीब होने वाली है। वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए लक्ष्य निर्धारित होते ही विकास विभाग तैयारियों में जुट गया है। डीआरडीए के परियोजना निदेशक की ओर से सभी बीडीओ को पत्र भी जारी कर दिया गया है। पात्रों के रजिस्ट्रेशन और जियो ट्रैगिंग का कार्य तेजी से चल रहा है।
डीआरडीए के पीडी संजय पांडेय ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए जिले में 2194 प्रधानमंत्री आवास का लक्ष्य मिला है। इसमें 428 आवास अल्पसंख्यक वर्ग के लाभार्थियों को दिया जाएगा। जबकि 1766 आवास गैर अनुसूचित जाति के लोगों को दिया जाएगा। सामाजिक आर्थिक जनगणना की सूची के आधार पर ही पात्रों को योजना का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए सभी बीडीओ को निर्देश जारी कर दिया गया है। पात्रों के रजिस्ट्रेशन और जियो ट्रैगिंग का कार्य हो रहा है। पिछले वित्तीय वर्ष में जो लक्ष्य मिला था। उसे पूरा कर लिया गया है।
पात्र दरकिनार, दूसरे को दे दिया आवास
कुशीनगर। प्रधानमंत्री आवास आवंटन में गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही हैं। सेवरही ब्लॉक के परसा उर्फ सिरसिया में सीडीओ ने जांच कराई तो दूसरे के नाम पर अपात्र को आवास देने का मामला उजागर हुआ। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
सीडीओ रामसूरत पांडेय ने बताया कि सेवरही ब्लॉक के परसा उर्फ सिरसिया गांव निवासी अच्छेलाल पुत्र चंदर यादव का नाम सामाजिक आर्थिक जातिगत गणना की सूची में था। वित्तीय वर्ष 2018-19 में उसी गांव के अपात्र अच्छे लाल पुत्र नथुनी को योजना का लाभ दे दिया गया। 12 दिसंबर 2018 को 1.20 लाख रुपये भी ट्रांसफार्मर कर दिए गए। पीड़ित अच्छे लाल पुत्र चंदर यादव और प्रधान के पति रामायन सिंह ने सीडीओ से मुलाकात की। पीड़ित अच्छे लाल का आरोप है कि उसके ही नाम पर दूसरे को लाभ पहुंचा दिया। लंबे समय से वह भागदौड़ कर रहा है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है। सीडीओ ने आश्वस्त किया कि इस प्रकरण की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी। अपात्र को जारी धन की रिकवरी भी कराई जाएगी। इससे डीआरडीए से ब्लॉक कार्यालय तक हड़कंप मच गया है।