कुशीनगर। सेवरही कस्बे के जानकीनगर मुहल्ले में लगा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर सोमवार की शाम जल गया। कोई वैकल्पिक इंतजाम नहीं होने के चलते इस ट्रांसफार्मर से जुड़े 300 से अधिक घरों की बत्ती गुल हो गई है। लोगों ने ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की है।
सेवरही कस्बे के अधिकांश ट्रांसफार्मर ओवरलोड हैं। सोमवार की शाम जानकी नगर मुहल्ले में पुराने सरकारी अस्पताल के पास लगा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। इसके चलते जानकीनगर, समता कालोनी, बेलवारी पट्टी और पकड़िहार गांव के सैकड़ों घरों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। विद्युत उपभोक्ता मोहम्मद असलम, मक्खन जायसवाल, संजय राय, राजेश्वर गुप्ता, मंतोष मिश्रा, विनोद राय, राहुल कुमार, अनुज श्रीवास्तव, मुन्ना शर्मा आदि का कहना है कि जब तक यहां 400 केवीए का ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जाएगा, दिक्कत कम नहीं होगी। इस संबंध में बिजली विभाग के जेई यशवंत सिंह कुशवाहा का कहना है कि मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति शुरू कराई जा रही है। जले ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।