कुशीनगर। कप्तानगंज कस्बे के सुभाष चौक स्थित विपणन गोदाम के पास बृहस्पतिवार की सुबह 45 वर्षीय व्यक्ति का शव एक पेड़ से रस्सी से लटका हुआ था। मजदूर काम पर पहुंचे तो शव देखकर शोर मचाए। शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बृहस्पतिवार की सुबह गोदाम पर मजदूर काम करने पहुंचे तो वहां पेड़ पर रस्सी से लटकता शव देखकर चीख पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। सूचना मिलने पर कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतारकर थाने ले आई। कस्बे में शव मिलने की खबर से सनसनी फैल गई। तमाम लोग मामले की जानकारी लेने थाने पहुंच गए। यहां शव की शिनाख्त इसी थाना क्षेत्र गजरा गांव निवासी 45 वर्षीय त्रिभुवन यादव के रूप में हुई। जानकारी मिलने पर परिवारीजन थाने पहुंचे और हत्या की आशंका जताई। घरवालों के अनुसार त्रिभुवन मंगलवार को घर से निकले थे, तब से उनका कुछ पता नहीं चल पा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सपा जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने थाना पहुंचकर मामले की जानकारी ली और घटना का शीघ्र पर्दाफाश करने की मांग की।
इस संबंध में थानाध्यक्ष आरके यादव का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर जांच प्रक्रिया में तेजी आएगी। घरवालों की आशंका को देखते हुए मामले से जुड़े सभी बिंदुओं की गहनता से जांच कराई जाएगी।