बुद्ध पीजी कॉलेज कुशीनगर में परीक्षा का जायजा लेते कुलपति प्रोफेसर वीके सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय गोरखपुर से संबद्ध कॉलेजों में गुरुवार को परीक्षा शुरू हो गई। प्रथम पॉली में एमए द्वितीय वर्ष हिंदी, राजनीति शास्त्र व शिक्षा शास्त्र व बीए, बीएससी प्रथम वर्ष की अर्थशास्त्र प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षाएं हुई। शाम को दूसरी पाली में बीए द्वितीय वर्ष अर्थशास्त्र की परीक्षा हुई। परीक्षा पहले दिन ही सेवरही के किसान पीजी कॉलेज में दो नकलचियों को पकड़कर रस्टिकेट कर दिया गया।
विश्वविद्यालयीय परीक्षा के लिए जिले में कुल 55 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उदित नारायण पीजी कॉलेज में बने नोडल केंद्र के अनुसार गुरुवार को 21 केंद्रों पर परीक्षा हुई। इन केंद्रों पर पंजीकृत 250 परीक्षार्थियों में से 20 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
कसया कार्यालय कुशीनगर के बुद्ध पीजी कॉलेज में गुरुवार को वार्षिक परीक्षा शुरू हुई। इसमें परीक्षा के पहली पाली में कुलपति प्रोफेसर वीके सिंह ने प्रोफेसर विनय सिंह के साथ औचक निरीक्षण कर परीक्षा केंद्र का जायजा लिया। कुलपति सबसे पहले केंद्र पर बनाए गए कंट्रोल रूम पहुंचे। वहां उन्होंने जरूरी जानकारी ली।
इसके बाद डीबीआर रूम में पहुंच परीक्षा की वॉयस रिकार्डिंग के साथ विडियो देख आठ कक्षों में चल रही परीक्षा की गहनता से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्राध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार को जरूरी निर्देश दिए। इस केंद्र पर पंजीकृत कुल 437 परीक्षार्थियों में से 410 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 27 अनुपस्थित रहे।
तमकुहीराज प्रतिनिधि के अनुसार किसान पीजी कॉलेज सेवरही में दो परीक्षार्थियों को आंतरिक उड़ाका दल ने नकल करते पकड़ा और रस्टिकेट कर दिया। प्राचार्य डॉ. दिनेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि कॉलेज का आंतरिक उड़ाका दल ने दो परीक्षार्थियों को अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए पकड़ा।