पडरौना। शहर को साफ-सुथरा बनाने और स्वच्छता रैकिंग में बेहतर नंबर दिलाने की गरज से नगर पालिका प्रशासन ने पीपीपी मॉडल पर एक प्राइवेट फर्म से कूड़ा निस्तारण का अनुबंध किया है। कंपनी और पालिका प्रशासन ने इसके लिए जरूरी तैयारियां भी पूरी कर ली हैं। 16 जुलाई को सुबह आठ बजे शहरवासियों को कूड़ा निस्तारण के लिए जागरूक करने के लिए शहर के सुभाष चौक से तिलक चौक तक मैराथन दौड़ भी कराई जाएगी। इसमें प्राइवेट कंपनी के वर्करों के साथ सांसद, विधायक समेत शहर के तमाम गणमान्य लोग भी शामिल होंगे।
आजादी मिलने के बाद पडरौना को नगर पालिका का दर्जा तो मिल गया, लेकिन कूड़ा प्रबंधन की खराब व्यवस्था से हर में गंदगी सबसे बड़ी समस्या बनकर उभरी। चेयरमैन विनय जायसवाल को भी लगातार कूड़ा प्रबंधन और गंदगी की शिकायत मिलने लगी। जिसके बाद चेयरमैन ने कुछ नया करने का मन बनाया और नगर पालिका प्रशासन ने इफ्राग्रीन कॉरपोरेशन डिविजन ऑफ जेनेसिस एग्रो साइंस एंड कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड से बीते 25 मई को समझौता किया। इस करार के बाद कंपनी के वर्कर घर-घर दस्तक देकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करेंगे। इन दिनों कंपनी के वर्कर शहर में आ चुके हैं और आगे की रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। 13 जुलाई से ओंकार वाटिका और तिलकनगर मुहल्ले में कंपनी के वर्कर जाएंगे और लोगों से स्वच्छता को लेकर विचार साझा करेंगे।
चेयरमैन विनय जायसवाल का कहना है कि पीपीपी मॉडल से शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए दिल्ली की कंपनी से समझौता किया गया है। 13 जुलाई को यह टीम ओंकार वाटिका और तिलकनगर मुहल्ले में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेगी। 16 जुलाई को मैराथन दौड़ होगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।