पडरौना (कुशीनगर)। जल निगम समंवय समिति की तरफ से जलनिगम कार्यालय में चल रहा धरना प्रदर्शन शनिवार से और वृहद हो गया। शनिवार से अधिकारियों कर्मचारियों ने दिन के 11 बजे से शाम पांच बजे तक धरना देने का एलान किया। इन लोगों ने चेतावनी दी कि जब तक मांगे पूरी नहीं हो जातीं, तब तक धरना जारी रखेंगे।
धरना में शामिल अधिकारियों-कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष सचिन सिंह ने कहा कि अभियंत्रण सेवाओं को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए लोक अभियंत्रण विभाग का पुनर्गठन करने, जलनिगम की तरफ से कराए जा रहे कार्यों को विभाग से कराने, अन्य प्रदेशों की तरह हेल्थ इंजीनियर सेक्टर का पुनर्गठन करने आदि विभिन्न मांगों को लेकर कई बार आंदोलन किया गया, लेकिन सरकार ने ध्यान नहीं दिया। इसलिए संगठन ने चरणबद्घ तरीके से आंदोलन करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पहले यह धरना लखनऊ में हुआ, उसके बाद बाजू पर काली पट्टी बांधकर एक घंटे की हड़ताल की गई और शनिवार से दिन के 11 बजे से शाम पांच बजे तक धरना देने का निर्णय लिया गया है।
धरना में पीएन प्रसाद, आरसी जायसवाल, अनिल कुमार गौंड़, एनके पाल, विवेक कुमार, शिवभूषण प्रसाद, संदीप कुमार, शशिरंजन, श्रीप्रकाश, सोहराब अहमद, अभिषेक कुमार पांडेय, लालबाबू सिंह, दिनेश कुमार रावत आदि शामिल थे।