प्रीतम कुशवाहा के 20 हजार रुपया लं उडे उच्चके।संवाद।
- फोटो : KUSHINAGAR
बुजुर्ग को थप्पड़ मारकर 20 हजार छीने
साइकिल से जा रहे बुजुर्ग से सेंदुरिया बुजुर्ग के पास हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
उजारनाथ। पंजाब नैशनल बैंक की पटहेरवा शाखा से 20 हजार रुपये निकालकर साइकिल से घर जा रहे एक बुजुर्ग को उचक्कों ने सेंदुरिया बुजुर्ग के निकट थप्पड़ मार दिया। इसके बाद उनके रुपये छीनकर भाग गए। कुछ युवकों ने उचक्कों का पीछा किया लेकिन वे हाथ नहीं आए।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के जवार भैंसहा गांव के निवासी प्रीतम कुशवाहा ने पटहेरवा थाने में तहरीर देकर बताया कि अपनी बेटी की शादी के सामान की खरीदारी के लिए रुपये निकालने बृहस्पतिवार को पटहेरवा स्थित पंजाब नेशनल बैंक पहुंचे। खाते से 20 हजार रुपये निकालकर दोपहर में साइकिल से घर जा रहे थे। पटहेरवा-तुर्कपट्टी मार्ग पर स्थित सेंदुरिया बुजुर्ग गांव के नहर पुलिया के पास पहुंचे थे कि पीछे से आए बाइकसवार दो उचक्कों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया तथा पीछे मास्क लगाए बैठे बदमाश ने उनके चेहरे पर दो थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद उनसे रुपये छीन लिए। जब तक वह अपने को संभालते, दोनों बाइक सवार पटहेरवा की ओर भाग निकले। शोर मचाने पर गांव के बहुत से लोग जुट गए। कुछ युवकों ने बाइक से उनका पीछा किया लेकिन वे हाथ नहीं आए। पटहेरवा थाने के एसओ अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। घटना का पता कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।