पडरौना। टैबलेट वितरण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पहुंचाने के लिए परिवहन निगम की बसें लगाए जाने से आम यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गोरखपुर में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम के लिए जिले से भेजी गईं 100 बसों में पडरौना डिपो की 20 बसें भी शामिल हैं। इससे डिपो की नियमित बस सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। शुक्रवार को बसों की कमी के चलते यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई लोगों को मजबूरी में निजी और डग्गामार वाहनों से सफर करना पड़ा।
विज्ञापन
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत शुक्रवार को गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में टैबलेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के करीब पांच हजार विद्यार्थियों को शामिल होना है। विद्यार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने और वापस लाने के लिए 100 बसों की व्यवस्था की गई है। इनमें पडरौना डिपो की 20 बसें भी भेजी गई हैं। डिपो से निगम की 40 और अनुबंधित 18 बसों का संचालन होता है।