संदिग्ध परिस्थितियों में दो महिलाओं की मौत
तमकुहीराज (कुशीनगर)। तरयासुजान थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में दो विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसमें से एक के परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। जबकि दूसरी विवाहिता का शव पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम मोहन बसडीला में छोटेलाल बैठा के पत्नी भानमती देवी (35) की मौत बृहस्पतिवार की रात करीब एक बजे हो गई। परिजनों ने सुबह शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतका भानमती का मायका बिहार के सिवान जिले में था। शादी को 16 साल बीत चुके थे। शुक्रवार की दोपहर मायके से आए पिता रामनाथ ने हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इस पर पुलिस ने पति छोटेलाल बैठा को पूछताछ के लिए थाने में बैठाया है।
दूसरी घटना ग्राम जमसड़िया में हुई यहां ध्रुव चौरसिया की विवाहिता पुत्री नीतू देवी (20) एक माह पूर्व अपनी ससुराल बसडीला बुजुर्ग से मायके में आई थी। बृहस्पतिवार की रात नौ बजे खाना खाकर सोई थी। सुबह छह बजे घर के लोग जगाने गए तो उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर ससुराल पक्ष से ससुर विश्वनाथ चौरसिया व पति राजू चौरसिया समेत कई लोग पहुंचे। सभी लोग अंतिम संस्कार की तैयारी में लगे थे कि तभी पुलिस पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। विवाहिता के पिता का कहना है कि बेटी नीतू पहले से बीमार थी।
एसओ कपिलदेव चौधरी ने बताया कि मोहन बसडीला की घटना में आरोपी पति से पूछताछ चल रही है। दूसरी घटना में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।