सड़क दुर्घटना में दो बाइक सवार घायल
बृहस्पतिवार को इसी जगह हुए हादसे में दो लोगों की हो गई थी मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
मथौली बाजार। हाटा-कप्तानगंज मार्ग के सुदामा चक स्थित शिव मंदिर के पास शुक्रवार की देर शाम दो बाइक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी हाटा भेजा। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गौनरिया निवासी अरुण कुमार (20) शुक्रवार की शाम करीब साढ़े छह बजे हाटा से बाइक से घर जा रहे थे। अभी बेलवा सुदामा गांव के शिव मंदिर के पास पहुंचे ही थे कि कप्तानगंज की तरफ से आ रहे चंपापुर निवासी अरविंद (28) की बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। इससे बाइक सवार अरुण व अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौजूद लोगों के सहयोग से घायलों को सीएचसी हाटा भेजा, जहां से दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। बृहस्पतिवार को भी इसी जगह हुए हादसे में सेंट्रल बैंक मथौली बाजार के शाखा प्रबंधक समेत दो लोगों की मौत हो गई थी जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए थे।