नव निर्मित नाला गिरा, गुणवत्ता की खुली कलई
कसया। पालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर आठ पंडित राजमंगल पांडेय नगर में दो माह पूर्व बना बना नाला शुक्रवार को हुई बारिश में गिर गया। निर्माण के समय लोगों ने मानक के विपरीत काम की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
सपहां चौराहे पर पीडब्ल्यूडी ने सड़क ऊंची कराई तो दो माह पूर्व पालिका ने जलनिकासी के लिए दोनों तरफ सड़क के दक्षिण तरफ 250 मीटर लंबे नाले का निर्माण कराया था। नाले के निर्माण के दौरान घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल पर लोगों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई थी। जांच करने पहुंचे जेई को लोगों ने घेर लिया था। इसके बावजूद गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं हुआ। इसका नतीजा हुआ कि शुक्रवार को दो जगह 20-20 मीटर नाला गिर गया। दीवारें फट गई हैं। डॉ. जयराम सिंह, अरविंद वर्मा, जितई मद्देशिया आदि ने ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ईओ प्रेमशंकर गुप्ता ने बताया कि जेई को जांच करने के लिए निर्देशित किया गया है। जांच में कमी पाए जाने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।