कुशीनगर में बिजली गिरने से दो की मौत, दस लोग झुलसे
भरपुरवा में बहन की मौत, भाई झुलसा, सिंघापट्टी में पिता की जान गई, बेटा गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
कुशीनगर। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में शुक्रवार को बारिश के बीच बिजली गिरने दो लोगों की मौत हो गई और दस लोग झुलस गए। झुलसे लोग निकट के अस्पताल ले जाए गए हैं। भरपुरवा में बहन की मौत हो गई और भाई झुलस गया तो सिंघापट्टी में पिता की जान चली गई और बेटा गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
जटहां बाजार प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के कटाई भरपुरवा गांव के गुर्जहवा टोला निवासी इंद्रजीत की 25 वर्षीया बेटी भोली कुछ दिन पूर्व अपने स सुराल से लौटकर मायके आई थी। भोली और उसका 15 वर्षीय भाई संजय झोपड़ी में बैठे थे। उसी बीच बिजली गिर गई। भोली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजय झुलस गया। आसपास के लोगों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। दूसरी घटना सिंघापट्टी गांव में हुई। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के लगुनहार गांव के निवासी 55 वर्षीय हीरा खटिक पडरौना कोतवाली क्षेत्र के जंगल सिंघापट्टी गांव में अपने भाइयों के वहां रहकर सब्जी का धंधा करते हैं। सुबह बारिश के समय वह और उनका 18 वर्षीय पुत्र संगम झोपड़ी में खड़े थे और बिजली की चपेट में आ गए। हीरा की मौके पर ही मौत हो गई और संगम झुलस गया। संगम को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर राजस्व विभाग के कानूनगो गजाधर प्रसाद और लेखपाल ने जांच-पड़ताल की। हीरा के छह बेटे हैं। तीन बेटों की शादी हो चुकी है। 11 जून को चौथे पुत्र छोटू की शादी होने वाली है। घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।
खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार, बिजली गिरने से लंगड़ी विशुनपुरा गांव विजय कुमार (30)] सुमन देवी (30), लोरिक (50) और दो वर्षीय रागिनी झुलस गई। विजय को लोग सीएचसी तुर्कहा ले गए। हनुमानगंज क्षेत्र के बुलहवा गांव के टोला पथलहवा में बहन के घर आई हरिहरपुर गांव की निर्मला (16) भी बिजली की चपेट में आ गई। मौके पर मौजूद रिश्तेदार कृष्णा (18)भी झुलस गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि उमा गुप्ता व अन्य ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को पीएचसी खड्डा पहुंचाया गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. यूएस नायक ने बताया कि दोनों खतरे से बाहर हैं। उनका उपचार चल रहा है।
पिपरा कनक प्रतिनिधि के अनुसार, पटहेरवा क्षेत्र के गांव हरपुर बेलही के सिकेंद्र कुशवाहा (32)पुत्र फौजदार कुशवाहा गांव के पश्चिम ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। बिजली गिरने से झुलस गए। उनको सीएचसी फाजिलनगर ले जाया गया। जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पकड़ियार बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र की ग्राम पंचायत टेढी के दोकरी टोला निवासी गुलबदन (25) बारिश के दौरान घर जा रहे थे। बिजली की चपेट में आ गए। लोगों ने नौरंगिया के निजी अस्पताल में ले गए।
कोटवा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के रामपुर खुर्द निवासी संध्या (30) पत्नी प्रमोद बिजली गिरने से झुलस गई। परिजन उन्हें प्राइवेट अस्पताल में ले गए।