कुशीनगर। अखिल भारतीय गोंड आदिवासी संघ की बैठक बृहस्पतिवार की शाम कसया स्थित डाक बंगला में हुई। इस बैठक में मौजूद गोंड समाज के लोगों ने डीएम के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया।
बैठक में संगठन के जिलाध्यक्ष राधेश्याम गोंड ने कहा कि गोंड समाज के लोग अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र के लिए महीनों से तहसीलों का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें जाति प्रमाण पत्र निर्गत नहीं किया जा रहा है। इस वजह से गोंड समाज के लोग अपने पाल्यों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री सहित जिले के प्रभारी मंत्री और कृषि मंत्री को पत्र भेजा गया था। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही कसया आने वाले हैं। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कृषि मंत्री के आगमन से पहले डीएम ने उन्हें बुलाकर जेल भेजने की धमकी दी, जिस पर संगठन ने डीएम के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया है। उन्होंने कहा कि संगठन के लिए वह पहले भी जेल जा चुके हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि अगर डीएम इस मामले में जिलाध्यक्ष से वार्ता नहीं करते हैं तो रविवार को विरोध - प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष गोवर्धन गोंड व संचालन जिला उपाध्यक्ष हीरालाल गोंड ने किया। इस दौरान रमाशंकर गोंड, नागेश्वर गोंड, दरोगा गोंड, राम मनोहर गोंड, हंसराज गोंड, राजकिशोर गोंड, ओमप्रकाश गोंड, नथुनी गोंड, प्रभुनाथ गोंड, सुनील कुमार गोंड, रमेश गोंड सहित कई लोग मौजूद थे।