कुशीनगर। ज्ञान भूमि इंटर नेशनल पब्लिक स्कूल मुजहना हेतिमपुर से स्कूली बच्चों को उनके घर पहुंचाने जा रही वैन शुक्रवार को दोपहर बाद पकड़िहवा से चकदेइया जाने वाली सड़क पर एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पलट गई। इस हादसे में तीन बच्चे घायल हो गए, जिनका इलाज कसया सीएचसी में चल रहा है। आसपास के लोगों ने स्कूली वैन को तत्काल सीधा करके उसमें फंसे सभी बच्चों को बाहर निकाला। वैन में कुल 19 बच्चे सवार थे। हादसे के कुछ देर बाद ही चालक वैन को लेकर स्कूल लौट गया।
कसया थाना क्षेत्र के गांव सेमरा उर्फ झुंगवा निवासी अभय पांडेय (12), आदित्य पांडेय (12) और चकदेइया गांव निवासी विवेक मिश्र (7) समेत 19 बच्चे शुक्रवार को स्कूल वाहन से ज्ञान भूमि इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल मुजहना हेतिमपुर में पढ़ने गए थे। दोपहर बाद करीब तीन बजे स्कूल वाहन इन बच्चों को वापस घर छोड़ने के लिए जा रहा था। पकड़िहवा से चकदेइया जाने वाली सड़क पर इस स्कूल वाहन के सामने अचानक एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में स्कूल वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। गाड़ी में फंसे बच्चों की आवाज सुनकर गांव के लोग दौड़े और गाड़ी को सीधा कर बच्चों को बाहर निकाला। इस हादसे में अभय पांडेय, आदित्य पांडेय और विवेक मिश्र को चोट आई थी। बाकी बच्चे पूरी तरह से सुरक्षित थे। हादसे की जानकारी पर बच्चों के घरवाले पहुंचे और घायलों को कसया सीएचसी भेजा गया। अन्य बच्चे अपने अभिभावकों के साथ घर चले गए। इस संबंध में चौकी इंचार्ज कुशीनगर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि घायल बच्चों का इलाज कसया सीएचसी में कराया जा रहा है, उन सभी की हालत ठीक है। वाहन स्कूल प्रबंधन को सौंप दी गई है। इस मामले में कोई तहरीर नहीं पड़ी है।