जांच में 58 में से 19 नमूने मानक विहीन
- फूड सेफ्टी ऑन व्हील का किया गया उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना (कुशीनगर)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की तरफ से संचालित फूड सेफ्टी ऑन व्हील कार्यक्रम के तहत जागरूकता रैली का मंगलवार को उद्घाटन किया गया। इसके तहत दिन में 58 जगहों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इसमें से 19 नमूने मानक विहीन पाए गए।
डीएम एस राजलिंगम ने जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया। अभिहित अधिकारी मानिकचंद सिंह ने बताया कि फूड सेफ्टी ऑन व्हील के जरिए कसया, फाजिलनगर एवं पटहेरिया बाजार में बर्फी, छेना, सोनपापड़ी, रसगुल्ला, लड्डू, काजू बर्फी आदि मिठाइयों, बेसन, मसालों खाद्य तेल, दाल व चायपत्ती के कुल मिलाकर 58 नमूने लिए गए। सचल प्रयोगशाला में इनकी मौके पर ही जांच की गई। नमूनों की जांच में कुल 39 खाद्य पदार्थ मानक के अनुरूप पाए गए तथा 19 नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए गए। मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए नमूनों से संबंधित दुकानदारों को कमियों को दूर करने के लिए जागरूक किया गया।
इस दौरान अंजनी कुमार श्रीवास्तव, पंकज कुमार कन्नौजिया, मनोज कुमार श्रीवास्तव, सच्चिदानन्द गुप्ता आदि मौजूद रहे।