फाजिलनगर। कस्बे के पावानगर महावीर इंटर कॉलेज परिसर में बृहस्पतिवार को सेवायोजन विभाग की ओर से वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 16 निजी कंपनियों ने प्रतिभाग कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। मेले में कुल 398 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें साक्षात्कार के बाद 189 युवाओं का विभिन्न पदों पर चयन किया गया।
मेले में अडानी सोलर पावर, वीवो, जीवन बीमा और सैमसंग सहित 16 कंपनियों ने हिस्सा लिया। नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता शाही मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। ऐसे आयोजनों से उन्हें अपने क्षेत्र में ही रोजगार पाने का अवसर मिलता है।
सांसद प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह कुशवाहा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रयास कर रही हैं। उन्होंने युवाओं से अपने कौशल को विकसित करने और रोजगार के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने मेले के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना आयोजन का मुख्य लक्ष्य है। कार्यक्रम को कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अक्षवर पांडेय ने भी संबोधित किया।
इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता केदार सिंह, डीडीयू के छात्र नेता मनोज चौबे, सभासद प्रतिनिधि धीरज वर्मा, विश्वविजय सिंह, राजेश राय, अपर शासकीय अधिकारी अरविंद कुमार, अभय श्रीवास्तव, विनय पांडेय और ब्रजेश पांडेय मौजूद रहे। कवि मनंजय तिवारी ने कार्यक्रम का संचालन किया।