शौचालय व आवास के लिए दिया धरना
मुसहर बस्ती के लोगों ने पंचायत भवन पर बुलंद की आवाज
अमर उजाला ब्यूरो
तमकुहीराज। सेवरही ब्लॉक के गाजीपुर गांव की मुसहर बस्ती के लोगों ने शनिवार को पांच सूत्री मांगें पूरी करने के लिए गांव के पंचायत भवन पर धरना दिया। गांव में हुए विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
डीएम को संबोधित ज्ञापन में अधूरे पड़े शौचालय का निर्माण कराने, पात्र व्यक्तियों को शौचालय से लाभान्वित करने, प्रधानमंत्री आवास से वंचित पात्रों का कैंप लगाकर सूची में नाम दर्ज कराने, वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग व मुख्यमंत्री पेंशन योजना से पात्रों को लाभान्वित किए जाने समेत पांच सूत्री मांग शामिल रही। गांववालों का कहना था कि शिकायत के बाद भी इन मामलों का उच्चाधिकारियों ने संज्ञान नहीं लिया। इसके चलते आज भी वे इन योजनाओं से वंचित हैं। इस दौरान मुन्ना यादव, ओमप्रकाश यादव, मंशा, कपिलदेव, कृष्णा, अंबिका निषाद, राजेश सिंह, ऐनूल, अनुप गुप्ता आदि मौजूद रहे।