कुशीनगर। बिजली कटौती और लो वोल्टेज से नाराज पूर्वांचल व्यापार मंडल के व्यापारियों ने रविवार को सुभाष चौक पर प्रदर्शन कर बिजली विभाग का पुतला जलाया। व्यापारियों ने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति किए जाने की मांग की। व्यापारियों ने एसडीओ को ज्ञापन भी सौंपा।
पूर्वांचल व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सैनी की अगुवाई में व्यापारियों ने रविवार को दोपहर में करीब एक बजे नगर के सुभाष चौक पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने शहर में लो वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने और सुचारु रूप से बिजली आपूर्ति की मांग की। नाराज व्यापारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते विभाग का पुतला जलाया। इस संगठन के लोगों का कहना था कि बिजली कटौती से लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है। बिजली आने और जाने का कोई शेड्यूल नहीं है। इस वजह से लोगों को बिजली के साथ-साथ पानी के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने बिजली घर पहुंचकर एसडीओ देवेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान विजय प्रकाश पांडेय, जीवनदेव वर्मा, अशोक अग्रवाल, पिंटू जायसवाल, संजय जायसवाल, गौरी शर्मा, महेश कुमार, राजेश, मुन्ना समेत कई व्यापारी मौजूद थे।