दुधारा के सीवान में लगी आग। संवाद
सेमरियावां/ लोहरौली। दुधारा गांव के सिवान में बृहस्पतिवार को आग लगने से करीब 18 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड व गांव वालों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुधारा गांव के पूरब सिवान में दोपहर लगभग 1.40 बजे अचानक आग लग गई। आग से उठता धुंआ देखकर लोगों ने शोर मचाया। तेज पछुआ हवा के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने की सूचना पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। इसके बाद अग्निशमन की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ग्रामीणों व फायर ब्रिगेड की कड़ी मशक्कत के बाद जब तक आग को काबू में किया गया तब तक लगभग 18 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इस घटना में तबारक हुसैन, खुर्शीद अख्तर, हमीदा खातून, अब्दुल कलाम, महबूब आलम अंसारी, सालेहा खातून, रशीद अहमद, रिज़वान अहमद, अब्दुल्लाह, जफर अहमद आदि किसानों की खड़ी फसल जल गई है।
आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है। आग लगने की सूचना के बाद तहसील प्रशासन से राजस्वकर्मी मौके पर पहुंचे और क्षति व नुकसान के आकलन में जुट गए।