परीक्षा केंद्र के बाहर खड़े अभ्यर्थी
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। जिले के परिषदीय विद्यालयों में गुरुवार से अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू होगी। जिसमें 1. 26 लाख बच्चे परीक्षा में शामिल होंगे। कक्षा एक के विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षा होगी। जबकि अन्य कक्षाओं के छात्रों की दो पालियों में लिखित परीक्षा होगी। इसके लिए विभाग की तरफ से सारी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। शेष तैयारियों को भी अंतिम रूप देने में महकमा जुटा है।
जिले में 2179 प्राथमिक और 824 जूनियर विद्यालय है। एक नवंबर से दो पालियों में सभी परिषदीय विद्यालयों में एक साथ अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू होगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह साढ़े नौ से साढ़े ग्यारह बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर साढ़े बारह से ढाई बजे तक होगी। इसमें कक्षा दो से पांच तक 178395 और कक्षा छह से आठ तक 47798 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कक्षा एक के विद्यार्थियों की मौखिक और बाकी सभी कक्षाओं में लिखित परीक्षाएं कराई जाएंगी। कक्षा दो से आठवीं तक की कक्षाओं की परीक्षा के लिए विभाग की तरफ से विद्यालयों को पेपर दिया जाएगा और कॉपियों के लिए ग्राम शिक्षा समिति के खाते में रुपये अवमुक्त करने के लिए लेखा विभाग को पत्र भेजा भेजा जा चुका है। कक्षा दो के तीन, कक्षा तीन के पांच, कक्षा चार व पांच के छह और कक्षा छह से आठवीं तक दस पेपर होगें। बीएसए अरुण कुमार ने बताया कि जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में एक नवंबर से अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू होंगी। कक्षा एक की मौखिक और कक्षा दो से आठवीं तक लिखित परीक्षा होगी। इसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।