खसरा को जड़ से मिटाने के लिए 14 लाख बच्चों को लगाए जाएंगे टीके
अभियान को सफल बनाने को लेकर हुई जिला टास्कफोर्स की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। खसरा और कंजेशियल रुबेला सिंड्रोम नाम की बीमारियों को जड़ से मिटाने के लिए जिले में मिजिल्स रुबेला टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 26 नवंबर से 30 दिसंबर तक चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान नौ माह से 15 वर्ष तक के करीब 14 लाख बच्चों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
जनपद में हर वर्ष खसरा की चपेट में भी तमाम मासूम आते हैं। इस खतरनाक बीमारी से बच्चों को बचाने तथा इसे लेकर अंतर्विभागीय समन्वय के लिए शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला टास्कफोर्स की बैठक आहूत की गई। सीडीओ रामसूरत पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में इस टीकाकरण अभियान को लेकर वृहद चर्चा की गई।
बैठक में सीएमओ डॉ. हरिचरण सिंह ने बताया कि यह अभियान खसरा नाम की बीमारी को पूर्ण रूप से मिटाने तथा कंजेंशियल रुबेला सिंड्रोम नाम की बीमारी पर नियंत्रण के लिए चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान नौ माह से 15 वर्ष तक के बच्चों व किशोरों को टीके लगाए जाएंगे। जनपद में करीब 14 लाख बच्चों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस बैठक में एसीएमओ डॉ. एसपी सिंह सहित सभी एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ, प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय गुप्ता, सभी एबीएसए, डीपीओ, सभी बीडीओ, सभी सीडीपीओ, सभी चिकित्साधिकारी, बीएसए, डीआईओएस सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद थे।