पडरौना (कुशीनगर)। केंद्र की भाजपा सरकार के पास चार वर्ष में उपलब्धि गिनाने के लिए कुछ भी नहीं है। प्रधानमंत्री जहां कहीं जाते हैं वहां कांग्रेस और उसके नेतृत्व को कोसते रहते हैं। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सारे सवालों का जवाब देगी। कई प्रांतों में कांग्रेस का गठबंधन हो चुका है। यूपी में भी गठबंधन की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। यह बात पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस कार्य समिति के विशेष आमंत्रित सदस्य आरपीएन सिंह ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहीं।
पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र में साढ़े चार वर्ष बाद कार्यों का शिलान्यास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री न तो 15 लाख की बात कह रहे हैं और न ही नौजवानों को रोजगार देने की। सेना के कैंपों पर हमले बढ़े हैं। चौकीदार के सामने से ही बैंकों में जमा 70 हजार करोड़ चोरी हो गए। मंत्रियों से लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय तक पर गंभीर आरोप लगे हैं लेकिन कोई जांच नहीं हो रही है। महिलाओं पर अत्याचार बढ़ा है लेकिन सरकार के पास कोई योजना नहीं है। सरकार कुशीनगर एयरपोर्ट के मामले में भी गलत बयानबाजी कर रही है। एक सवाल के जवाब में आरपीएन ने कहा कि कांग्रेस का बिहार में राजद से, झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा से और महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से गठबंधन है। यूपी में भी सपा और बसपा से गठबंधन का विकल्प खुला है।