हाटा। मंगलवार को हाटा नगरपालिका के सरोजनी नगर भड़गवा वार्ड में आयोजित कुश्ती में इलाहाबाद की महिला पहलवान बबली ने गोरखपुर की रीता को आसमान दिखा दिया।
उद्घाटन विधायक पवन केडिया और नगर पालिका अध्यक्ष मोहन वर्मा ने किया। विधायक ने कहा कि कुश्ती भारतीय खेलों का मुकुट है।
यह सिर्फ खेल नहीं बल्कि शरीर को निरोग रखने की कला भी है। ऐसे में पश्चिमी खेलों के आगे विलुप्त होते इस भारतीय खेल का आयोजन होना सराहनीय कार्य है। नगरपालिका अध्यक्ष मोहन वर्मा ने कहा कि इस आयोजन से क्षेत्र के पहलवानों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है। इस तरह के आयोजन आगे भी होने रहे ऐसा प्रयास किया जाना चाहिए।
दंगल की शुरुआत अतिथियों ने पहलवालों का हाथ मिलवा कर कराया। इस दौरान शानदार मुकाबले में इलाहाबाद की महिला पहलवान बबली ने गोरखपुर की रीता को हराया। वही अयोध्या के बाबा पहलवान ने वाराणसी के चंदन को धूल चटा दी। जबकि आजमगढ़ के रमाशंकर पहलवान ने मथुरा के राकेश को हराया।
दंगल का आयोजन पूर्व ग्राम प्रधान विजय यादव ने किया था। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि अवधेश प्रताप सिंह, राकेश राव, विपिन उपाध्याय, धर्मेंद्र सिंह, मिथिलेेश त्रिपाठी, हरिंद्र राव, हरिनाथ सिंह, बंडिल बाबा, रजनीश बरनवाल आदि लोग मौजूद रहे।