कुशीनगर। मंगलवार की सुबह फोरलेन हाइवे पर छपरा भगत गांव के सामने ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार युवक घायल हो गया। लोगों ने उसे हाटा सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टर ने घायल बाइक चालक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया, लेकिन उसका चालक भाग निकला।
देवरिया जिले के भटनी बुजुर्ग गांव निवासी राकेश गुप्ता बगैर हेलमेट के बाइक चलाते हुए हेतिमपुर की ओर से हाटा की तरफ आ रहे थे। छपरा भगत गांव के सामने पीछे से आ रहे एक ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक थोड़ी दूर आगे वाहन खड़ा करके भाग निकला। घायल राकेश गुुप्ता को हाटा कोतवाली पुलिस ने हाटा स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। कोतवाल शैलेश सिंह ने बताया कि घर वालों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।