पडरौना। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत तीसरे चरण में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया जारी है। प्रक्रिया के तहत आखिरी दिन बुधवार तक 1606 आवेदन आए हैं। आवेदनों का सत्यापन शुरू हो गया है। 27 मार्च को लाॅटरी के जरिये चयनित बच्चों की सूची जारी की जाएगी।
चयनित बच्चों को 31 मार्च तक प्रवेश दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। बीएसए डॉ. रामजियावन मौर्या ने बताया कि पहले चरण में 519 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। सभी के निशुल्क के लिए निजी स्कूलों को आवंटन पत्र जारी कर दिए गए हैं। इनकी प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दूसरे चरण में 620 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। चयनित छात्र-छात्राओं के प्रवेश के लिए निजी स्कूलों को आवंटन पत्र जारी किए गए हैं। अब तक चयनित 1139 बच्चों में 508 बच्चों का नामांकन उनके आवंटित विद्यालयों में करा दिया है। तीसरे चरण के आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो गई। इसमें निजी स्कूलों में निशुल्क प्रवेश लेने के लिए 1606 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसकी लाॅटरी कराने की प्रक्रिया चल रही है।