क्रय केंद्रों पर किसानों की 16 करोड़ 18 लाख बकाया
पडरौना (कुशीनगर)। कोरोना महामारी संकट और लॉकडाउन से जूझने के बाद किसानों के सामने एक बड़ी समस्या सरकारी क्रय केंद्रों पर बेचे गए उनके गेहूं का भुगतान न होना है। मौजूदा विपणन वर्ष में जनपद के किसानों ने गेहूं क्रय केंद्रों पर 36218.39 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है, जिसकी कुल देय धनराशि 71 करोड़ 52 लाख 73 हजार रुपये में से अब तक 55 करोड़ 34 लाख 17 हजार रुपये ही भुगतान हुआ है। अभी भी किसानों को 16 करोड़ 18 लाख 56 हजार रुपये भुगतान करना बाकी है।
इस वित्तीय वर्ष में गेहूं खरीद के लिए जिले में 70 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इनमें खाद्य विभाग के 21, भारतीय खाद्य निगम का एक, पीसीएफ के 38, पीसीयू का एक और यूपीएसएस के नौ केंद्र शामिल हैं। इनमें 68 केंद्र ही संचालित हुए। इन केंद्रों ने अब तक 36216.37 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा है। वैसे तो इस साल की खरीद पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक है। पिछले विपणन वर्ष में 20582.15 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई थी, लेकिन भुगतान अभी काफी अवशेष है। इन क्रय केंद्रों पर अभी 16 करोड़ 18 लाख 56 हजार रुपये की देनदारी है। इस साल कुल 9898 किसानों ने अपना गेहूं क्रय केंद्रों को बेेचा है।
कप्तानगंज तहसील क्षेत्र के कारीतीन गांव के किसान ब्रजेश बर्नवाल ने बताया कि उन्होंने भड़सर खास के क्रय केंद्र पर 33.50 क्विंटल गेहूं बेचा है, लेकिन अभी इसका भुगतान नहीं मिला है।
इसी गांव की राजकुमारी देवी ने बताया कि उन्होंने 35 क्विंटल गेहूं की बिक्री की है, लेकिन उन्हें भी भुगतान नहीं मिला है।
नरचोचवा गांव के किसान हरि कुशवाहा हरि कुशवाहा बताते हैं कि क्रय केंद्र पर उन्होंने भी अपना 40 क्विंटल गेहूं बेचा है, भुगतान के लिए केंद्र पर गए थे। शीघ्र भुगतान किए जाने का आश्वासन दिया जा रहा है।
बिरईठ के किसान रामनरेश ने कहा कि क्रय केंद्र पर 25 क्विंटल गेहूं बेचा है। भुगतान के लिए क्रय केंद्र पर दौड़ रहे हैं, लेकिन टालमटोल हो रहा है। वह भी कई बार केंद्र पर जा चुके हैं।
जनपद में गेहूं खरीद की स्थिति (गेहूं खरीद मीट्रिक टन में) और (धनराशि लाख क्विंटल में)
खरीद एजेंसी- गेहूं खरीद की स्थिति- कुल देय धनराशि- अवशेष
1. खाद्य विभाग- 11375.83- 2246.72- 0
2. एफसीआई- 369.90- 73.05- 0
3. पीसीएफ- 18285.15- 3611.31- 1308.32
4. पीसीयू- 628.04- 124.11- 102.47
5. यूपीएसएस- 5557.04- 1097.51- 207.78
योग- 36216.37- 7152.73- 1618.56
जनपद में अब तक 36216.37 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है। देय धनराशि में से अधिकांश भुगतान करा दिया गया है। अवशेष धनराशि के भुगतान का प्रयास कराया जा रहा है। शीघ्र ही उसका भुगतान भी हो जाएगा।
-विनय प्रताप सिंह, जिला खाद्य विपणन अधिकारी