जिले में मिले 16 कोरोना संक्रमित
पडरौना (कुशीनगर)। जनपद में कोरोना महामारी का संक्रमण अब रफ्तार पकड़ने लगा है। पिछले तीन दिनों से जनपद में हर दिन संक्रमित मिलने वाले लोगों की संख्या दहाई पार रह रही है। शनिवार को 16 नए लोग इस खतरनाक बीमारी से संक्रमित मिले। यह संख्या इस साल हर दिन प्राप्त होने वाली जांच रिपोर्ट में सर्वाधिक है।
अप्रैल के पहले दिन दस, दूसरे दिन 15 और शनिवार तीन अप्रैल को 16 लोग इससे संक्रमित मिले। सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि शनिवार को शाम तक 886 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें 870 निगेटिव और 16 पॉजिटिव केस हैं। इनमें कप्तानगंज क्षेत्र से सात, खड्डा से दो, सुकरौली से तीन, कसया और हाटा क्षेत्र से एक-एक तथा दो व्यक्ति अन्य क्षेत्रों के निवासी हैं। इस तरह अब तक कराई गई 379382 लोगों की जांच में 5793 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें शनिवार को तीन मरीज स्वस्थ मिले। इस तरह ठीक होने वाले लोगों की कुल संख्या 5676 हो चुकी है, जबकि 62 मरीजों की इस महामारी से मौत हुई है। एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 55 हो गई है।
सीएमओ ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण दर 1.47 प्रतिशत और ठीक होने वालों की दर 97.95 प्रतिशत तथा मृत्यु दर 1.07 प्रतिशत है।
कोरोना महामारी का विस्तार रोकने के लिए कोविड गाइड लाइन का हर नागरिक को पालन करने की आवश्यकता है। मास्क, सैनिटाइजर का उपयोग, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना चाहिए। भीड़ से बचें। निगरानी समितियों को निर्देश दिया गया है कि बाहर से आने वाले लोगों की कोरोना जांच कराएं। 45 से ऊपर के लोगों का टीकाकरण शुरू हो चुका है। इसलिए उनका टीकाकरण कराएं। पुलिस महकमा को निर्देश दिया गया है कि कोविड गाइड लाइन के पालन के लिए निर्देशित किया गया है। पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।
-एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी