दांपत्य की डोर में बंधे 127 जोड़े
जिला पंचायत कार्यालय के परिसर में आयोजित हुआ सामूहिक विवाह
गृहस्थी के सामान देकर वर-वधू को किया गया रुखसत
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को जिला पंचायत परिसर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छह मुस्लिम युगलों समेत कुल 127 जोड़े धार्मिक रीति-रिवाज से एक-दूजे के हो गए। प्रशासन की तरफ से उन्हें गृहस्थी के सामान और सुखद दांपत्य जीवन की कामना के साथ विदा किया गया। सुबह दस बजे से शुरू हुआ यह मांगलिक कार्यक्रम दोपहर दो बजे संपन्न हुआ।
परिजनों और रिश्तेदारों के साथ जिला पंचायत परिसर पहुंचे वर-वधू पक्ष का परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। इसमें 121 हिंदू जोड़ों का विवाह गायत्री परिवार के पुरोहितों की देख-रेख में विधि-विधान से संपन्न हुआ। महिलाओं ने मंगल गीत गाकर नव वर-वधुओं के कुशल दांपत्य जीवन की कामना की। छह मुस्लिम जोड़ों का निकाह मौलवियों ने संपन्न कराया। डीएम डॉ. अनिल कुमार सिंह और एसपी राजीव नारायण मिश्र समेत मौजूद सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। उन्हें योजना के तहत दी जाने वाली सामग्री के साथ रुखसत किया गया।
इस दौरान उत्तर प्रदेश बीज निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह, कुशीनगर के विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष विनय प्रकाश गोंड, सीडीओ रामसूरत पांडेय, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अमित राज सिंह, प्रशासनिक अधिकारी अजय द्विवेदी, समाज कल्याण अधिकारी टीके सिंह, भाजपा जिला महामंत्री मारकंडेय शाही, नीतीश यादव, नीरज सिंह, अजीत दुबे सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।