बतरौली गांव की नालियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई करते ग्रामीण ।
- फोटो : अमर उजाला
कुबेरस्थान। डेढ़ साल से सफाई कर्मी नहीं होने से पडरौना ब्लॉक के बतरौली गांव में चारों तरफ गंदगी फैली हुई है। ईद पर्व को देखते हुए युवाओं ने रविवार को नालियों और सड़कों की सफाई की।
बतरौली गांव में नालियां जाम हैं। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े-कचरे के ढेर लगे हैं। पांच जून को ईद मनाई जाएगी। जिला प्रशासन की तरफ से ईदगाहों और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई के निर्देश दिए गए हैं। लेकिन, यहां सफाई कर्मी ही नहीं हैं। ईदगाह जाने वाले लोगों को कूड़े कचरे से होकर न गुजरना पड़े, इसके लिए गांव के युवाओं ने रविवार को हाथों में फावड़ा तथा झाड़ू उठा लिया। नालियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई की।
गांव के प्रधान ईश्वर शरण यादव और मुस्लिम अंसारी, मकसूद आलम, जाकिर हुसैन, महेंद्र गौंड़, बरकतुल्लाह अंसारी, तस्लीम, सुनील कुमार, सिराजुद्दीन अंसारी, देवानंद, अर्जुन प्रसाद, शंकर प्रसाद, राजकिशोर ने बताया कि गांव में सफाई कर्मी की नियुक्ति के लिए कई बार संबंधित को मांग पत्र सौंपा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे गांव के लोगों में नाराजगी है। एडीओ पंचायत मैनेजर सिंह ने बताया कि गांव में सफाईकर्मी की तैनाती के बारे में जानकारी नहीं है। शीघ्र ही सफाई नियुक्त कर साफ-सफाई कराई जाएगी।