जिला अस्पताल में लगा सीटी स्कैन मशीन ।
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। सीटी स्कैन मशीन के अभाव में लोगों को हो रही परेशानी अब जल्द दूर हो सकती है। इसके संचालन के लिए भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बार्क) से एनओसी मिलने के साथ ही सभी बाधाएं दूर हो चुकी हैं। जिला अस्पताल में लगी नई सीटी स्कैन मशीन का उद्घाटन नवनिर्वाचित सांसद के हाथों कराए जाने की उम्मीद है। संभव है कि पांच जून को सीएम योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर इसका उद्घाटन कराया जा सकता है।
सिर में चोट, ब्रेन हैमरेज और ब्रेन ट्यूमर जैसे गंभीर रोगों की जांच के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय में लगी सीटी स्कैन मशीन सात वर्षों से खराब पड़ी है। उसकी जगह सीमेंस कंपनी की नई मशीन लगाई गई है। इसके संचालन के लिए 500 एमवीए का नया जेनरेटर और अन्य संसाधन भी उपलब्ध हो गए हैं।
संचालन में आने वाले खर्च का वहन एचएलएल को करना है। इस सीटी स्कैन मशीन का संचालन शुरू करने से पहले भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बार्क) मुंबई से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) लेना अनिवार्य था। ताकि इसकी किरणों के रेडिएशन से मरीजों के शरीर पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। करीब छह माह से इसकी फाइल बार्क को भेज दी गई थी, जिस पर एनओसी प्राप्त हो गई है। इसे लेकर सभी बाधाएं अब दूर हो चुकी हैं। उम्मीद है कि बहुत जल्द इसका संचालन शुरू हो जाए।
संयुक्त जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. बजरंगी पांडेय ने बताया कि सीटी स्कैन मशीन को लेकर सभी अड़चनें दूर हो गई हैं। इसी पखवारे इसका संचालन शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सीटी स्कैन मशीन का उद्घाटन नवनिर्वाचित सांसद विजय कुमार दुबे के हाथों कराया जाएगा।
सिटी स्कैन मशीन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी
संयुक्त जिला चिकित्सालय में एचएलएल की तरफ से कटेगरी-1 की अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन लगी है। मैन पॉवर और सभी संसाधन एचएलएल की तरफ से मुहैया कराए जाएंगे। इसके संचालन में बार्क से एनओसी मिलने का इंतजार था, जो पूरा हो गया। सीमेंस कंपनी के लोगों को इसके संचालन के लिए बुलाया गया है। यहां मरीजों की जांच नि:शुल्क होगी।