हाटा(कुशीनगर)। विधान सभा हाटा के 12 बूथों के ईवीएम खराब होने से उन बूथों की मतगणना वीवी पैट की पर्चियों से करनी पड़ी। जिसके कारण परिणाम घोषित करने में काफी समय लग गया।
मतगणना कार्य में लगेे कर्मचारियों और अधिकारियों की परेशानी उस समय बढ़ गई जब हाटा विधान सभा के एक-एक कर 12 ईवीएम मशीनों ने धोखा दे दिया और उसमें पड़े वोट दिखाई नहीं दे रहे थे। तकनीकि टीम के प्रयास के बाद भी जब इन ईवीएम ने काम नहीं किया तो चुनाव आयोग के उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और इन ईवीएम को सुरक्षित रख दिया गया।
बाद में निर्देश मिलने के बाद उन ईवीएम के साथ लगे वीवी पैट मशीनों की पर्चियों से उन बूथों की मतगणना कराई गई। ईवीएम खराब होने की पुष्टि करते हुए डीएम डॉक्टर अनिल कुुमार सिंह बताया कि उन बूथों की मतगणना वीवी पैट की पर्चियों से की जा रही है। कोई परेशानी की बात नहीं है।