कुशीनगर। रामकोला क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापिका का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें अध्यापिका बच्चों से पैर दबवाते दिख रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद प्राइमरी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था की बदहाली का मामला फिर चर्चा में आ गया है। विभागीय अफसरों ने इस मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
रामकोला ब्लॉक के परिषदीय स्कूलों में आए दिन विवाद होते रहते हैं। पिछले सप्ताह एक स्कूल में अभिभावकों ने अध्यापकों पर बच्चों से सब्जी मंगाने का आरोप लगाया था। अभी यह प्रकरण शांत भी नहीं हुआ था कि मंगलवार को वायरल हुए वीडियो से खलबली मच गई। दरअसल, इस वीडियो में एक अध्यापिका कुर्सी पर बैठकर बच्चों से पैर दबवा रही हैं और अगल-बगल में तमाम बच्चे खेल रहे हैं। हालांकि वीडियो बहुत स्पष्ट नहीं है, लेकिन अध्यापकों में इसको लेकर चर्चाएं तेज हैं। चर्चा है कि इस अध्यापिका ने सुबह रसोइयां से चाय बनाने को कहा तो उसने मना कर दिया, इसके बाद नाराज होकर मिट्टी का चूल्हा भी तोड़ दिया। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार मिश्रा ने कहा वायरल हुए वीडियो की जांच कराने के बाद ही इस पर कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है। मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।