तुर्कपट्टी(कुशीनगर)। इंटर कॉलेज के खेल मैदान में शुक्रवार को तुर्कपट्टी क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से खाकीनाथ स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच कानपुर और मथुरा के बीच खेला गया। मथुरा ने कानपुर को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। मथुरा के खिलाड़ी अभिषेक को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया।
टॉस जीतकर मथुरा की टीम ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवर के मैच में मथुरा के खिलाड़ियों ने 127 रन बनाए। जवाब में उतरी कानपुर की टीम शुरू से ही दबाव का सामना करने लगी। मथुरा के गेंदबाजों के आगे कानपुर का कोई भी बल्लेबाज बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सका और 19वें ओवर में 106 रन बनाकर कानपुर की टीम आउट हो गई।
इस प्रकार मथुरा की टीम ने ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। विजेता टीम को 20 हजार व उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये का पुरस्कार दिए गए। 11 गेंद में 23 रन व तीन विकेट लेने वाले मथुरा के खिलाड़ी पीयूष को मैन ऑफ द मैच तथा पूरी प्रतियोगिता में 104 रन व 11 विकेट लेने वाले अभिषेक को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
इसके पूर्व विनय राय, फाजिलनगर विधायक गंगा सिंह कुशवाहा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दुदही ओपी वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल का शुभारंभ किया। विजेता व उपविजेता टीम को भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने पुरस्कृत किया। इस दौरान सुरेंद्र नाथ तिवारी, सुरेंद्र नाथ राय, अमरनाथ पांडेय, धीरज श्रीवास्तव, ऋषिकांत मिश्रा, रामेश्वर गुप्ता, सुरेश जायसवाल, आनंदेश्वर शाही, विपिन सिंह, अजहरूद्दीन अंसारी, जितेंद्र सिंह, राजन जायसवाल, अमित राय सत्यवान तिवारी, हेमंत पांडेय, प्रवीण शाही आदि मौजूद रहे।