ढाढ़ा (कुशीनगर)। सुकरौली बाजार स्थित नेहरू इंटर कॉलेज के पास मंगलवार को बंदरों के झुंड ने तीन राहगीर पर हमला बोलकर जख्मी कर दिया। आसपास के लोगों ने डंडा लेकर बंदरों को खदेड़ा और जख्मी लोगों का प्राथमिक उपचार कराया। गोरखपुर जनपद के डवरपार निवासी अश्वनी सिंह, प्रद्युम्न और संगम एक बाइक से मंगलवार की दोपहर में बंचरा देवी मंदिर में दर्शन-पूजन करने जा रहे थे। ये लोग अभी सुकरौली बाजार के नेहरू इंटर कालेज के पास पहुंचे ही थे कि बंदरों के झुंड ने अचानक इन पर हमला कर दिया।
बाइक अनियंत्रित होने से तीनों युवक गिर गए। हादसा देख आसपास के दुकानदारों ने डंडा लेकर उत्पाती बंदरों को खदेड़ा और युवकों को उठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार कराने के साथ ही युवकों के घरवालों को सूचना दी गई। सुकरौली बाजार निवासी रमेश, रविंद्र, झून्ने, अनुज, बबलू, विपिन शर्मा आदि ने बताया कि बंदरों के आतंक से इस रास्ते आने जाने वाले लोग सहमे रहते हैं। अक्सर ही बंदर लोगों पर हमला कर देते हैं। वन विभाग के अफसरों को इसकी सूचना दी गई है लेकिन कार्रवाई नहीं होती है।