कुशीनगर। समउर बाजार स्थित न्यू पीएचसी में मंगलवार को आए मरीजों ने डॉक्टर नहीं मिलने पर नाराज होकर हंगामा किया। मरीजों व तीमारदारों ने अन्य अस्पताल कर्मियों का घेराव भी किया। अस्पताल कर्मियों के काफी समझाने-बुझाने पर लोग शांत होकर वापस लौटे।
बिहार बॉर्डर से सटे समउर बाजार की न्यू पीएचसी में स्थानीय लोगों के अलावा कोटवा टीकमपार, बिहार खुर्द, मीर बिहार, परसौनी खुर्द, बिहार बुजुर्ग, कटहरी बाग, पिपरा बघेल, गंगुआ मठिया आदि गांवों के अलावा पड़ोसी प्रांत बिहार के भी मरीज आते हैं। इस अस्पताल में तैनात एक मात्र डॉक्टर अरविंद यादव की ड्यूटी हफ्ते में तीन दिन दूसरे अस्पताल में लगी है। अब बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में भी इनकी ड्यूटी लगाई गई है। इसके चलते डॉक्टर अस्पताल नहीं पहुंच रहे हैं। तीन दिन से परेशान मरीजों ने मंगलवार को अस्पताल में हंगामा किया तथा मौजूद अन्य स्वास्थ्य कर्मियों का घेराव करके बैठ गए। कर्मचारियों ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। अस्पताल पहुंचे तमकुही के ब्लॉक प्रमुख वशिष्ठ राय ने सीएमओ से फोन पर वार्ता कर समस्या की जानकारी दी।
इस दौरान वहां मौजूद लीलावती देवी, नंदकिशोर कुशवाहा, विशाल, हीरालाल, धनराज खरवार, निप्पू, हदिसना खातून, गोवर्धन, सत्यानंद मिश्र आदि का कहना था कि एक सप्ताह में व्यवस्था नहीं सुधरी तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।