जिला पंचायत के टेंडर से भाजपाई नाराज, करेंगे शिकायत
- आज डीएम से मिलेगा भाजपा मंडल अध्यक्षों का प्रतिनिधि मंडल
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। जिला पंचायत की तरफ से विभिन्न कार्यों के लिए निकाले गए टेंडर को भाजपा के मंडल अध्यक्षों ने संदिग्ध बताया है। मंडल अध्यक्षों का प्रतिनिधि मंडल सोमवार को डीएम समेत जिले के अन्य वरिष्ठ अफसरों से मुलाकात कर इस मामले को लेकर ज्ञापन सौंपेगा। भाजपा नेता मंडलायुक्त गोरखपुर से भी इस मामले को लेकर मुलाकात करेंगे।
रविवार को भाजपा के पडरौना देहात मंडल अध्यक्ष सुनील चौहान, नगर अध्यक्ष प्रमोद साहा, कठकुइयां मंडल अध्यक्ष विवेकानंद शुक्ल व विशुनपुरा मंडल अध्यक्ष कपिलदेव श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से विज्ञप्ति जारी कर बताया कि जिला पंचायत की ओर से टेंडर प्रकाशित कर धन का बंदरबांट किया गया है। इसकी निष्पक्ष जांच कराने के लिए वे लोग सोमवार को डीएम, सीडीओ व जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी से मिलकर ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन के माध्यम से वे लोग निकाले गए टेंडर को निरस्त करते हुए बिना किसी भेदभाव के कार्य आवंटन की मांग करेंगे। नाराज भाजपा नेताओं का कहना है कि जिला पंचायत के खिलाफ उनका आंदोलन शुरू होगा। क्योंकि संदिग्ध टेंडर प्रकाशित कर सरकारी धन का बंदरबांट किया गया है।