कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के गांव सिसवा गोइती के टोला नोनिया पट्टी निवासी 12 वर्षीय बालक की बृहस्पतिवार को गांव के तालाब में डूबने से मौत हो गई। वहां मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाया तो लोग वहां पहुंचे, तब तक बालक की मौत हो चुकी थी।
नोनिया पट्टी निवासी हीरा चौहान का 12 वर्षीय पुत्र मुकेश बृहस्पतिवार की दोपहर में हम उम्र बच्चों के साथ गांव के पश्चिम तरफ स्थित तालाब की ओर गया था। बताया जा रहा है कि वहां कुछ बच्चे तालाब में नहाने लगे तो मुकेश भी उनके साथ नहाने लगा। इसी दौरान मुकेश का पैर फिसल गया और वह लबालब भरे तालाब में डूबने लगा। नहा रहे अन्य बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। बच्चों ने शोर मचाया तो घर व गांव के लोग वहां पहुंचे, तब तक डूबने से मुकेश की मौत हो गई थी।