हाईटेंशन तार टूटने से 13 घंटे गुल रही बिजली
जर्जर तार-पोल और आए दिन ट्रांसफार्मर की खराबी से जोग परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
तमकुहीरोड। तरयासुजान विद्युत उपकेंद्र से जुड़े सुमही संतपट्टी गांव में सोमवार आधी रात नहर की पटरी के पास हाईटेंशन तार टूट गर गिर जाने से करीब 13 घंटे बिजली बाधित रही। सुबह पानी की समस्या से भी जूझना पड़ा। मंगलवार को आपूर्ति बहाल हुई तब जाकर लोगो को राहत मिली।
इस उपकेंद्र में बेंदूपार, सरया और कोईंदी फीडर से लगभग सौ से अधिक गांवों को आपूर्ति की जाती है। अधिकांश तार-पोल जर्जर हो जाने से आए दिन बिजली गुल हो जाती है। फाल्ट को ठीक करने में कई दिन लग जाते हैं। सोमवार को आधी रात में सुमही संतपट्टी गांव में नहर की पटरी के बगल में तेज रोशनी के साथ 11000 वोल्ट का तार टूट कर गिर गया। इससे बीआरसी, पशु चिकित्सा केंद्र सहित कई संस्थानों से लगायत पूरे गांव की बिजली गुल हो गई। लोगों को पूरी रात बिना बिजली के गुजारनी पड़ी। मंगलवार सुबह पानी का संकट उत्पन्न हो गया। गांव के हरेंद्र यादव, पीयूष नियोगी, हिमांशु सोनी, शिविर वर्मा, सुनील शर्मा, सोनू अंसारी, प्रेम शर्मा आदि का कहना है कि वैसे तो शेड्यूल के मुताबिक उन्हें 18 घंटे बिजली मिलनी चाहिए, लेकिन आए दिन कहीं ट्रांसफार्मर जल जाने से तो कहीं तार टूट जाने से बिजली बाधित होती रहती है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इन लोगों ने बिजली विभाग से इस समस्या से स्थाई निजात दिलाने की मांग की है। अवर अभियंता यशवंत सिंह कुशवाहा ने बताया कि टूटे तार को जोड़वा कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो ग्रामीण करेंगे आंदोलन
दुदही। बैकुंठपुर कोठी गांव में दस दिन पूर्व ट्रांसफार्मर जल गया था। तभी से ग्रामीण ट्रांसफार्मर बदले जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर बदला नहीं गया। ग्रामीण बिना बिजली के रहने को विवश हैं। मोबाइल चार्ज करने की भी दिक्कत हो रही है। गांव के दिनेश मद्धेशिया, दिलीप मद्धेशिया, महेश तिवारी, अनिल तिवारी, अशोक, भूपेंद्र तिवारी, सततं मद्धेशिया, राजन कुशवाहा, मनोज व्यास, चंदन पटेल, राजेश, राघव मद्धेशिया, बाबूलाल मद्धेशिया, विशुन प्रसाद, हरेंद्र गुप्ता, विजय मद्धेशिया, विश्वनाथ मद्धेशिया, नितेश मद्धेशिया, इरसाद आलम, फागू प्रसाद, सुखराम, मुनिया देवी, सुनीता देवी, गिरिजा देवी, चंदमती देवी, सुगंती देवी, नैमुल नेशा, सुरसती देवी आदि ने कहा कि ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से बेहद परेशानी हो रही है। लोगों ने विद्युत निगम के जिम्मेदारों को चेतावनी दी कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे।