तमकुहीराज। ब्लॉक परिसर में बुधवार को दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय व उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की तरफ से रोजगार मेला का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के 123 बेरोजगार युवकों का चयन किया गया।
तमकुहीराज विधायक डॉ. असीम कुमार की पहल पर रोजगार मेला का आयोजन कस्बा स्थित ब्लॉक सभागार में हुआ। इसमें पांच कंपनियों के प्रतिनिधि पहुंचे थे। इस रोजगार मेले में चेकमेट सिक्योरिटी लखनऊ, डीएसईटीएस दिल्ली, योको हामा (केवल महिलाओ के लिए), फि्लिप कार्ट, ब्राइट फ्यूचर ओपीसी प्राइवेट लिमिटेड कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल थे।
रोजगार मेले में 461 बेरोजगार युवकों ने पंजीकरण कराया और साक्षात्कार में हिस्सा लिया, जिसमें से 123 युवकों का चयन किया गया। बाकी को निराशा ही हाथ लगी। कुछ बेरोजगार अधिक उम्र के कारण चयन से वंचित रह गए। अंत में चयनित युवकों को ऑफर लेटर दिया गया। इस दौरान एनपी प्रजापति, अभय श्रीवास्तव, पारसनाथ वर्मा, कौशलेंद्र प्रताप सिंह, विनय पांडेय, जितेंद्र जायसवाल, अभिषेक मिश्रा आदि मौजूद थे।