गुरवलिया बाजार (कुशीनगर)। फाजिलनगर ब्लाक के ग्राम पंचायत लवकुश पूरब पट्टी स्थित प्राथमिक विद्यालय में ढाई महीने से मध्याह्न भोजन बंद है। भोजन न मिलने से नाराज छात्र-छात्राओं ने सोमवार को थाली लेकर स्कूल में प्रदर्शन किया। बच्चों के अभिभावकों ने बीएसए को मामले की जानकारी देकर कार्रवाई का अनुरोध किया है।
इस विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापक अनुपमा प्रजापति बीते एक सितम्बर से मातृत्व अवकाश पर हैं। समायोजन रद्द होने के बाद शिक्षा मित्र पुष्पा सिंह भी स्कूल नहीं जा रही थीं। स्कूल बंद होने की खबर जब अखबार में प्रकाशित हुई तो विभागीय अफसरों ने प्राथमिक विद्यालय नोनिया पट्टी गांगीटीकर से एक शिक्षक को यहां शिक्षण कार्य के लिए संबद्घ कर दिया गया। पठन-पाठन तो शुरू हो गया लेकिन विद्यालय का चार्ज नहीं होने की वजह से मध्याह्न भोजन के खाते का संचालन नहीं हो रहा है।
इस विद्यालय में 44 बच्चे नामांकित हैं, जिनमें से 30-35 बच्चे प्रतिदिन आते हैं। विद्यालय में दो रसोइया भी कार्यरत हैं लेकिन मध्याह्न भोजन नहीं बन रहा है। सोमवार को स्कूल पहुंचे बच्चों ने मध्याह्न भोजन वितरित कराए जाने की मांग करते हुए थाली लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वाले बच्चों के अभिभावकों का कहना है कि खाते से धन आहरण नहीं होने के चलते बीते नौ अगस्त से ही स्कूल में मध्याह्न भोजन बंद है। इसकी सूचना कई बार बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों को दी गई है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। करीब एक घंटे तक स्कूल में प्रदर्शन के बाद बच्चे अपने घर चले गए।
इस संबंध में बीएसए हेमंत कुमार राव का कहना है कि इस मामले की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।