कुशीनगर। खड्डा तहसील के गैनही जंगल गांव में दलितों के घर व आसपास की जमीन पर हुए पट्टा का मामला गरमाता जा रहा है। कब्जा कराने गई राजस्व व पुलिस टीम का विरोध करने के आरोप में खड्डा पुलिस ने दो नामजद व 50 अज्ञात लोगों पर बलवा व सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कई अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। वहीं मुकदमा दर्ज होने से नाराज गांव के दलित वर्ग के लोग बड़े आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं। बसपा ने दलितों का समर्थन करते हुए इस लड़ाई में उनका साथ देने की घोषणा की है।
खड्डा तहसील क्षेत्र के गांव गैनही जंगल में बसे अधिकांश परिवार छह दशक पहले बाढ़ की कटान से प्रभावित होकर आए थे। जिस जगह कटान से प्रभावित परिवार बस गए थे, उस जमीन पर राजस्व विभाग ने राजू प्रजापति आदि को कृषि भूमि का पट्टा कर दिया है। बीते मंगलवार को राजस्व निरीक्षक शिवप्रसाद गुप्ता पुलिस के साथ पहुंचे और सिंहासन के गन्ने की फसल कटवा दिए। गांव के लोगों ने राजस्व व पुलिस टीम पर महिलाओं से अभद्रता व मारपीट का आरोप लगाते हुए खदेड़ दिया था। पुलिस गांव से दो युवकों को पकड़कर थाने ले गई तो नाराज लोगों ने थाने पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। राजस्व निरीक्षक शिवप्रसाद की तहरीर पर हिरासत में लिए गए प्रवीन व अमरजीत को नामजद व पचास अज्ञात महिला पुरुषों पर बलवा, सरकारी कर्मचारियों से दुर्व्यवहार, सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, धमकी देने आदि धाराओं में केस पंजीकृत किया गया। इसके साथ ही पकड़े गए दो लोगों को जेल भेज दिया गया। इस संबंध में एसओ निर्भय सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को जेल भेजा गया है। मामले की विवेचना की जा रही है।