संतकबीरनगर। जिले की बदहाल सड़कों को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। इसके तहत करीब 32 करोड़ से जर्जर हो चुकी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने बजट की मंजूरी देते हुए धन उपलब्ध कराया है। इसमें ग्रामीण क्षेत्र की 109 व शहरी क्षेत्र की 10 सड़कें शामिल हैं। साथ ही कई सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इन सड़कों के बनने से लोगों को आवागमन में सहूलियतें मिलेगी।
बता दें कि, जिले में बारिश से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का लोक निर्माण विभाग ने सर्वे कराया था। इसमें 190 सड़कें क्षतिग्रस्त मिली थीं। इन सड़कों के विशेष मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग ने शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजा था। शासन ने स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही 27 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इनमें से प्रथम किस्त के रूप में 12 करोड़ रुपये अवमुक्त किए गए हैं। इसमें बनियाबारी से दुधरा होकर वन देवी मंदिर की तरफ आने-जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। वहीं, धनघटा व पौली क्षेत्र में भी सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर आदि की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
इन सड़कों को जुलाई माह से पहले निर्माण कराने की तैयारी है। दुधरा निवासी प्रेमचंद्र ने बताया कि बनियाबारी से होकर जाने वाली सड़क का निर्माण शुरू हो गया है। इससे उम्मीद है कि जल्द ही आवागमन में होने वाली दुश्वारियां दूर हो जाएंगी।
शहर की सड़कें बनेंगी सीसी, शुरू हुआ कार्य
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के मोहल्लों की सड़कों को दुरुस्त करने के लिए भी कदम उठाए गए हैं। इसके लिए 15वें वित्त से पांच करोड़ की स्वीकृति मिली है। करीब 10 सड़कें सीसी बनाई जाएंगी। इनमें मेंहदावल रोड से सरौली और विधियानी मोहल्ले में एक सड़क को सीसी रोड बनाने का कार्य कराया गया है, जबकि अन्य कई सड़कों के निर्माण के लिए भी तैयारी चल रही है। ईओ अवधेश कुमार ने बताया कि मोहल्लों की सड़कों को सीसी बनाने के लिए कार्य शुरू कराया गया है। जल्द ही लोगों को बेहतर सड़कें मिल जाएंगी।
00000000000000000000000
कोट
विभिन्न क्षेत्रों में जर्जर हो चुकी सड़कों की मरम्मत और निर्माण के लिए शासन ने मंजूरी प्रदान की है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गई है और कई सड़कों के निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। जल्द ही लोगों को बेहतर सड़कें मिल जाएंगी। इससे लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
- आरके पांडेय, अधिशाषी अभियंता, लोनिवि