कुशीनगर। भाजपा में प्रत्याशी चयन को लेकर लगाई जा रही तमाम अटकलों पर उस वक्त विराम लग गया जब भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने पूर्व विधायक विजय दुबे को कुशीनगर संसदीय क्षेत्र सीट से अपना प्रत्याशी घोषित किया। इस बात की जानकारी जैसे ही उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओें को हुई सभी खुशी से झूूूम उठे। उनके घर पर जश्न का माहौल कायम हो गया।
खड्डा क्षेत्र के मठिया बुजुर्ग गांव के रहने वाले विजय कुमार दुबे ने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की है। सीएम योगी आदित्यनाथ के सानिध्य में आकर वर्ष 2002 में विजय कुमार दुबे ने हियुवा में शामिल होकर अपने राजनीतिक कॅरियर की शुरुआात की। उन्हें वर्ष 2004 में हियुवा का जिला संयोजक बनाया गया। वर्ष 2009 के लोक सभा चुनाव में उन्हें भाजपा से कुशीनगर संसदीय सीट से प्रत्याशी बनाया गया। करीब पौने दो लाख मत पाकर वह चुनाव हार गए और तीसरे स्थान पर रहे। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी आरपीएन सिंह को चुनाव में जीत मिली थी। बसपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े स्वामी प्रसाद मौर्य दूसरे स्थान पर रहे। वर्ष 2010 में विजय कुमार दुबे की पत्नी रंजना दुबे खड्डा ब्लॉक की प्रमुख बनी थी। वर्ष 2012 के विधान सभा चुनाव में विजय कुमार दुबे खड्डा विधान सभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े और वह विधायक चुने गए। वर्ष 2016 में फिर वह भाजपा में वापसी किए और छह माह पहले उन्हें विधायकी छोड़नी पड़ गई थी। तभी से वह लगातार भाजपा में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। वह भाजपा प्रदेश कार्य समिति एवं राष्ट्रीय परिषद में सदस्य भी है। इधर लोक सभा चुनाव का बिगुल बजा तो वह भी अपनी दावेदारी पेश किए। वर्तमान सांसद राजेश पांडेय का टिकट काटते हुए शीर्ष नेतृत्व ने पूर्व विधायक विजय कुमार दुबे पर दांव लगाया है। विजय कुमार दुबे ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने जो विश्वास और भरोसा उन पर किया है उसका वह सम्मान करते है। उस भरोसे को कायम करने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष जेपी शाही ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने पूर्व विधायक विजय कुमार दुबे को कुशीनगर संसदीय सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा के कार्यकर्ता पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में पूरी ताकत से जुट कर फिर से कमल खिलाएंगे।