पडरौना (कुशीनगर)। शनिवार से हो रही रुक रुककर तेज बारिश से कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। जगह-जगह कीचड़ के चलते लोगों को आने-जाने में काफी दुश्वारियां हो रही हैं। सबसे खराब दशा पडरौना नगर के बाईपास रोड की है, जहां सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील है और ऊपर से जलभराव होने से भारी वाहन फंस जा रहे है। नगर के कसेरा टोली, नौका टोला मुहल्ले में लोगों के घरों में नालियों का गंदा पानी घुस गया है। इसके चलते रविवार की सुबह तक लोग घरों से पानी निकालने की व्यवस्था में लगे रहे।
बीते शनिवार से रुक रुककर हो रही बारिश से नगर के कई स्थानों पर सड़क कीचड़ से पट गई है। पडरौना के रोडवेज बस स्टेशन परिसर में जलभराव होने से यात्रियों को सड़क पर ही खड़े होकर वाहनों का इंतजार करना पड़ रहा है। जलभराव होने से बस चालक भी वाहनों को परिसर में खड़ा करने से कतरा रहे हैं।
यही हालत कसेरा टोली, गोलंबर व नौका टोला मुहल्ले की है। सड़क ऊंची होने के कारण लोगों के घरों में पानी घुस जा रहा है। नाली के पानी की समुचित निकासी न होने से इन मुहल्लों के घरों में हल्की बारिश होने पर ही पानी घुस जा रहा है।
नगर के बाईपास रोड की हालत सबसे दयनीय है। यहां पहले से ही सड़क का निर्माण अधूरा है। रही सड़क भी पूरी तरह टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। आलम यह है कि बारिश के बाद पूरी सड़क ही तालाब के समान दिख रही है। इसके चलते यहां से गुजरने वाले भारी वाहन गड्ढों में फंस जा रहे हैं।